350वें शहीदी दिवस को समर्पित नगर कीर्तन श्री आनंदपुर साहिब के लिए श्रद्धा भावना के साथ रवाना

जालंधर,  ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित पवित्र नगर कीर्तन को जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक पहुंचने पर पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। शुक्रवार रात जिले में प्रवेश करने वाला यह पवित्र नगर कीर्तन शनिवार को गुरुद्वारा डेरा संतगढ़ साहिब से अपना अगला पड़ाव शुरू करके शहर के विभिन्न स्थानों से होते हुए श्री आनंदपुर साहिब के लिए रवाना हुआ।

बड़ी संख्या में संगत श्रद्धा अर्पित करने के लिए सड़कों पर कतारें बांधकर खड़ी थी। जैसे ही नगर कीर्तन आगे बढ़ा, संगतों ने नतमस्तक होकर श्रद्धा भाव से स्वागत किया। गुरबानी के शब्द गाते हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के आगे सिर झुकाया गया, जिससे पूरा माहौल धार्मिक और आध्यात्मिक रंग में रंग गया।

पवित्र नगर कीर्तन में विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। इनमें कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार दीपक बाली, मेयर विनीत धीर, डिप्टी कमिश्नर डा.हिमांशु अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर और पंजाब सहकारी कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टीनू के अलावा बड़ी संख्या में संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के आगे माथा टेका और शांति एंव समस्त मानवता के कल्याण की कामना करते हुए ‘सरबत दे भले’ की अरदास की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *