जालंधर फ्रूट मंडी एसोसिएशन का गठन: वैभव सचदेवा बने प्रधान

जालंधर, नई सब्जी मंडी, मकसूदा के फ्रूट कारोबारियों ने सर्वसम्मति से जालंधर फ्रूट मंडी एसोसिएशन का गठन करते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा की। वरिष्ठ आढ़ती वेद प्रकाश बलूजा के संरक्षण (सरप्रस्ती) में वैभव सचदेवा को एसोसिएशन का प्रधान, यशपाल बिट्टा को चेयरमैन तथा सुखविंदर सिंह भोलू को महासचिव नियुक्त किया गया।

नई कार्यकारिणी के गठन के उपरांत आयोजित आशीर्वाद एवं सम्मान समारोह में पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन के वाइस चेयरमैन एवं जालंधर नॉर्थ के हल्का इंचार्ज दिनेश ढल्ल, जिला प्लानिंग बोर्ड के चेयरमैन अमृतपाल सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर हरसिमरनजीत सिंह बंटी, शंटी बत्रा सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक एवं व्यापारिक हस्तियों ने शिरकत कर नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

समारोह में मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरपाल सिंह, सेक्रेटरी दलबीर सिंह, सुपरिटेंडेंट सुखदेव राज, सुपरवाइजर अर्जुन पंडित सहित कई अधिकारी एवं पार्षद भी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में फ्रूट मंडी के आढ़तियों और व्यापारियों ने समारोह में भाग लेकर नई टीम का स्वागत किया।

मंच संचालन परमजीत सिंह सतनामिया ने किया। इस दौरान उन्होंने नई सब्जी मंडी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।

अपने संबोधन में अमृतपाल सिंह ने नवनियुक्त प्रधान वैभव सचदेवा को बधाई देते हुए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

वहीं दिनेश ढल्ल ने सभी आढ़तियों से एकजुट होकर नई टीम का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि मंडी के विकास और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

पूर्व डिप्टी मेयर हरसिमरनजीत सिंह बंटी ने कहा कि फ्रूट मंडी, मकसूदा नई सब्जी मंडी की आर्थिक रीढ़ है और व्यापारियों की एकजुटता से हर समस्या का समाधान संभव है।

नवनियुक्त प्रधान वैभव सचदेवा ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि मंडी के विकास और व्यापारियों के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *