नई दिल्लीः स्वतंत्रता दिवस की तारीख नजदीक आने के साथ ही राजधानी में चौकसी बढ़ा दी गई है, लेकिन इसी बीच एक दहलाने वाली खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ऐसे में एयरपोर्ट पर चौकसी बढ़ा दी गई है. एक अधिकारी ने बताया कि IGI एयरपोर्ट पर अल कायदा सरगना की ओर से बम विस्फोट की धमकी भरा ई-मेल मिला है. एयरपोर्ट ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर ने शनिवार को इसकी जानकारी दी.
20 जुलाई से ही राजधानी में हाई अलर्ट है. खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर अलर्ट जारी है. एजेंसियों ने 15 अगस्त से पहले ड्रोन के जरिए आतंकी हमले की साजिश के बारे में बताया था. ड्रोन हमले को रोकने के लिए पहली बार दिल्ली पुलिस और दूसरे सुरक्षा बलों को ट्रेनिंग भी दी गई है. साथ ही इंडियन एयर फोर्स के मुख्यालय में विशेष ड्रोन कंट्रोल रूम बनाया गया है.