जिला मंडी के बल्ह उपमंडल के लोहारा गांव में रविवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सेवानिवृत्त फौजी ने शराब के नशे में आपा खोते हुए अपने ही पोते पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली लगने से पोता लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा,जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस खूनी खेल से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी दादा की भी जमकर धुनाई कर डाली, जिससे वह भी घायल हो गया है। फिलहाल दादा और पोता दोनों अस्पताल में उपचाराधीन हैं। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी बहादुर सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त है, लेकिन वह लंबे समय से शराब के नशे का आदी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि बहादुर सिंह अकसर शराब पीकर घर में लड़ाई करता था और छोटी-छोटी बातों पर झगड़े पर उतारू हो जाता था। रविवार को भी नशे में उसकी अपने पोते उमेश कुमार के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।