अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने गाँवों और शहरों में फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए

जालंधर, बरसात के मौसम में मच्छरों और वेक्टर बॉर्न बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(शहरी विकास) जसबीर सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निवारक उपायों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए हैं।

ज़िला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने नगर निगम/परिषदों और बी.डी.पी.ओ. के अधिकारियों को गाँवों और शहरों में फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके। उन्होंने नगर निगम को मच्छरों के लारवा पाए जाने पर चालान जारी करने के भी निर्देश दिए ताकि लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके और रोकथाम का संदेश दिया जा सके।

पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित विभागों को पीने के पानी की समय-समय पर जाँच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि फेल पाए गए पीने के पानी नमूनों की सूची तुरंत नगर निगम और जल आपूर्ति विभाग के साथ सांझा करें ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा, उन्होंने पाइपलाइनों का नियमित निरीक्षण करने को भी कहा ताकि बरसात के मौसम में स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

श्री सिंह ने मच्छरों और पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता गतिविधियाँ चलाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि सावधानियों और निवारक उपायों से इन बीमारियों के प्रकोप को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने पशुपालन विभाग को डेयरी फार्मों और अन्य स्थानों पर नियमित रूप से सफाई और स्प्रे करने तथा जल संग्रहण स्थानों का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए ताकि मच्छरों के प्रजनन को कंट्रोल कर बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *