संभल के सीओ अनुज चौधरी के होली और जुमे की नमाज पर दिए गए बयान को लेकर सियासत लगातार गर्माती जा रही है. इस विवाद में अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी कूद पड़े हैं. उन्होंने इस पूरे मुद्दे पर अपने ही पार्टी नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर कभी कोई दिक्कत नहीं होती, समस्या तब पैदा होती है जब बयानवीर नेता विवादास्पद टिप्पणियां करते हैं.
बृजभूषण शरण सिंह ने अनुज चौधरी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि होली हो या जुमे की नमाज, यह त्योहार पहले भी साथ-साथ मनाए जाते रहे हैं और आगे भी मनाए जाते रहेंगे. कभी कोई समस्या नहीं हुई, लेकिन कुछ बयानवीरों के कारण बवाल खड़ा हो जाता है.उन्होंने कहा कि समाज में सौहार्द बनाए रखना नेताओं और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है, लेकिन जब लोग अनावश्यक बयान देते हैं, तो विवाद बढ़ता है.