भारत के धाकड़ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बचे हुए दो टेस्ट मैच खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया नहीं जाएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्र्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को यह कंफर्म कर दिया। बीसीसीआई ने गेंदबाज की फिटनेस पर अपडेट जारी किया है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बीसीसीआई की मेडिकल टीम शमी के साथ उनकी दाहिनी एड़ी की सर्जरी के बाद रिकवरी और रिहैबिलिटेशन पर काम किया है। 34 वर्षीय शमी एड़ी की समस्या से पूरी तरह से उबर चुके हैं। शमी वनडे वर्ल्ड कप 2023 फाइनल के बाद से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं।
शमी ने पिछले महीने बंगाल की ओर से रणजी ट्रॉफी मैच खेलकर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की। इसके बाद, उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दमखम दिखाया। संभावना जताई गई कि शमी क्रिकेट के मैदान पर लौटने के बाद जल्द ही ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जा सकते हैं, जहां भारतीय टीम पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है। हालांकि, कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि शमी को लेकर टीम मैनेजमेंट जल्दबाजी नहीं दिखाना चाहता। फिलहाल, सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। तीसरा मैच ड्रॉ पर छूटा था। चौथा टेस्ट गुरुवार से मेलबर्न में शुरू होने जा रहा।