संसद के तीन दिवसीय विशेष के दौरान 131वें संशोधन बिल को पास नहीं कराया जा सका. महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े तीन बिलों के ऊपर शुक्रवार (17 अप्रैल, 2026) की शाम वोटिंग हुई. पक्ष में सिर्फ 298 वोट ही पड़े. विरोध में 230 वोट पड़े. इस पर बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर का बड़ा बयान आया है.
मैथिली ठाकुर ने विपक्ष पर तीखा हमला किया है. उन्होंने कहा, “महिला आरक्षण बिल का विरोध करना देश की आधी आबादी के अधिकारों पर सीधा और खुला हमला है. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. जो लोग नारी सम्मान की बात करते हैं वही संसद में महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े हो जाते हैं.”
मैथिली ठाकुर ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, लेकिन विपक्ष हमेशा ऐसे प्रयासों में बाधा डालता रहा है. विपक्ष का असली चेहरा अब देश की हर महिला के सामने आ चुका है. यह केवल सत्ता की राजनीति करने वाले लोग हैं, जिन्हें महिलाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की कोई चिंता नहीं है.