टीवी के सबसे पॉपुलर कॉमेडी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ में ‘मलखान’ का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए एक्टर दीपेश भान ने निधन को अब तीन साल हो चुके हैं. साल 2022 में अचानक हुई उनकी मौत ने पूरे टीवी जगत को सदमे में डाल दिया था. उनकी तीसरी पुण्यतिथि पर, शो में उनकी सह-कलाकार रहीं सौम्या टंडन (अनीता भाभी) ने एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर कर उन्हें याद किया. ‘भाभी जी घर पर है’ के कलाकार भले ही दीपेश को न भूल पाए हो, लेकिन वो अपनी जिंदाई में आगे बढ़ गए हैं. लेकिन दीपेश की पत्नी नेहा भान के लिए अपने पति की मौत के बाद का सफर आसान नहीं था. नेहा ने दीपेश के जाने के बाद समाज के तीखे तानों को झेला था. नेहा की कहानी वाकई दिल दहला देने वाली है.
दीपेश भान महज 41 साल के थे जब नियति ने उनसे सब कुछ छीन लिया. 2022 में एक सुबह, वो क्रिकेट खेलते हुए अचानक मैदान पर गिर पड़े. कुछ ही देर में पता चला कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था और वक्त से पहले ही उनकी सांसें थम गईं. उनकी इस आकस्मिक मौत से न सिर्फ टीवी इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा, बल्कि उनकी पत्नी नेहा भान और उस वक्त उनके एक साल के मासूम बेटे पर तो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था. दीपेश के जाने के बाद, नेहा के पास कोई सहारा नहीं था, और उन्हें अपने नन्हे बेटे के भविष्य की चिंता सताने लगी थी.
दीपेश के जाने के बाद, उनकी पत्नी नेहा भान को जिस मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा, उसे जानना वाकई दिल दहला देने वाला है. साल 2023 में एक इंटरव्यू में नेहा ने बताया था कि उनके पति की मौत के बाद कैसे लोगों ने उनका जीना मुहाल कर दिया था. नेहा ने खुलासा किया कि समाज ने उन्हें दुख मनाने का भी अधिकार नहीं दिया. लोग उनके हंसने पर, कपड़ों पर, और यहां तक कि घर से बाहर निकलने पर भी तंज कसते थे. “इसने तो अभी से हंसना शुरू कर दिया है. ऐसे कपड़े पहनती है. बाहर निकलना शुरू कर दिया है,” – ऐसे जुमले उनकी पीठ पीछे कहे जाते थे. सबसे दर्दनाक बात ये थी कि कुछ लोग तो ये तक कहते थे, “इसे अभी घर में बैठकर रोना चाहिए, मातम मनाना चाहिए, पर इसे दुख नहीं है क्योंकि इसकी तो अरेंज मैरिज थी.” ये शब्द नेहा के दिल को चीर देते थे, और उन्हें गहरा सदमा पहुंचा रहे थे.