एजेंडे में एक विशेष विधानसभा क्षेत्र को प्राथमिकता दिए जाने पर भाजपा पार्षदों ने जताया विरोध

जालंधर, नगर निगम की कल होने वाली हाउस मीटिंग से पहले आज नगर निगम में भाजपा के सभी पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक वार्ड नंबर 50 के पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष मनजीत सिंह टीटू के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में कल की हाउस मीटिंग के एजेंडे, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान भाजपा पार्षदों ने आपत्ति जताई कि हाउस मीटिंग के एजेंडे में कथित तौर पर एक विशेष विधानसभा क्षेत्र को अधिक प्राथमिकता दी गई है तथा अधिकांश विकास कार्य उसी क्षेत्र से संबंधित रखे गए हैं। पार्षदों का कहना था कि नगर निगम पूरे शहर की संस्था है और विकास कार्य किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होने चाहिए। शहर के सभी वार्डों और इलाकों की मूलभूत समस्याओं को समान रूप से प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

डिस्पोजल मैनेजमेंट टेंडर को लेकर भी उठाए सवाल

बैठक में डिस्पोजल मैनेजमेंट से जुड़े टेंडर के मुद्दे पर भी भाजपा पार्षदों ने कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि टेंडर को लागू ही नहीं करना था या बाद में वापस लेना था, तो इस पूरी प्रक्रिया के कारण शहर को पांच दिनों तक खराब हालात का सामना क्यों करना पड़ा।

पार्षदों ने मांग की कि इस पूरे मामले में जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़े विषय हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या निर्णयों में असमंजस का खामियाजा शहरवासियों को नहीं भुगतना चाहिए।

भाजपा पार्षदों ने स्पष्ट किया कि वे कल होने वाली हाउस मीटिंग में शहर के हितों से जुड़े इन मुद्दों को पूरी गंभीरता से उठाएंगे तथा विकास कार्यों में समानता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करेंगे।

बैठक के दौरान भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की का सभी भाजपा पार्षदों द्वारा सम्मान भी किया गया।

इस अवसर पर उपनेता प्रतिपक्ष चरणजीत कौर संधा, अमित सिंह संधा, दर्शन भगत, अजय कुमार बब्बल, कंवर सरताज सिंह, राजीव कुमार ढींगरा, मनजीत कौर, मीनू, ज्योति, शोभा, तरविंदर कुमार सोई, रवि कुमार, रिंपी प्रभाकर तथा गुरदीप सिंह सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *