हर वार्ड तक विकास पहुंचाने और पुरानी समस्याओं के समाधान पर विशेष फोकस

जालंधर, जालंधर नॉर्थ हलके से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार एवं शहर के मेयर वनीत धीर ने अपनी चुनावी मुहिम तेज कर दी है। हलके के विभिन्न वर्गों, कारोबारियों, उद्योगपतियों, ट्रांसपोर्टरों और युवाओं से मिल रहे सकारात्मक समर्थन ने उनकी मुहिम को नई मजबूती दी है। वनीत धीर लगातार हलके के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और जालंधर नॉर्थ को विकास की नई दिशा देने के लिए प्रयासरत हैं। उनका मुख्य फोकस हलके की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान करने और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर है।

फोकल प्वाइंट, गदईपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री और खेल उद्योग से जुड़े उद्योगपतियों एवं कारोबारियों की ओर से भी वनीत धीर को खुला समर्थन मिल रहा है। उद्योग जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि शहर के विकास के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना भी बेहद जरूरी है। वनीत धीर लगातार इन क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने का प्रयास कर रहे हैं।

विकास के मोर्चे पर भी जालंधर नॉर्थ में कई महत्वपूर्ण काम तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। जिन इलाकों में वर्षों से सड़कें और गलियां खस्ताहाल थीं या नई सड़कें बनाने की मांग लंबित थी, वहां नए निर्माण कार्य शुरू करवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पार्कों के सौंदर्यीकरण, हरियाली और लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हलके के विभिन्न चौकों और पार्कों में हाईमास्ट लाइटें लगाने के साथ स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि शाम और रात के समय लोगों को सुरक्षित एवं रोशन वातावरण मिल सके। इससे बुजुर्गों को सैर करने और बच्चों को पार्कों में खेलने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।

सीवरेज की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए सुपर सक्शन मशीनों के माध्यम से सीवरेज लाइनों की सफाई करवाई जा रही है। इसका उद्देश्य लंबे समय से सीवरेज जाम और गंदे पानी की निकासी जैसी समस्याओं का समाधान करना है।

वनीत धीर का कहना है कि विकास केवल बड़ी घोषणाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका लाभ प्रत्येक वार्ड, गली और परिवार तक पहुंचना चाहिए। इसी सोच के तहत सड़कों, सीवरेज, स्ट्रीट लाइटों और पार्कों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

वनीत धीर ने कहा कि जालंधर नॉर्थ के लोगों का मिल रहा प्यार, विश्वास और समर्थन उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। उनका लक्ष्य नॉर्थ हलके को आधुनिक सुविधाओं से लैस, स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित क्षेत्र बनाना है। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों के सहयोग से विकास की इस मुहिम को और गति दी जाएगी तथा लोगों की समस्याओं का समाधान उनके बीच पहुंचकर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *