ईरान ने ब्रिटेन के सीनियर अधिकारियों द्वारा हाल ही में अपनाए गए ‘तेहरान विरोधी’ रुख के खिलाफ ब्रिटिश राजदूत ह्यूगो शॉर्टर को तलब किया. ईरान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि ब्रिटिश दूत को ब्रिटिश अधिकारियों के ईरान के खिलाफ लगाए गए निराधार आरोपों पर विरोध जताने के लिए बुलाया गया.
ईरानी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा, “ब्रिटिश दूत को सीनियर ब्रिटिश अधिकारियों के ईरान के बारे में निराधार दावों और उनके इस इल्जाम के खिलाफ विरोध जताने के लिए बुलाया गया था कि तेहरान ब्रिटेन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करना चाहता है.”
बैठक के दौरान, सहायक विदेश मंत्री अलीरेजा यूसुफी ने ब्रिटिश अधिकारियों के रुख की आलोचना करते हुए कहा, “ब्रिटिश अधिकारियों के पक्षपाती रुख और निराधार दावे अंतर्राष्ट्रीय कानून और कूटनीतिक मानदंडों के खिलाफ हैं, और इससे ईरानी लोगों में ब्रिटेन की नीतियों के प्रति अविश्वास बढ़ेगा.”