गुजरात की भरूच लोकसभा सीट गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के पास जाने के बाद चर्चा में आईं कांग्रेस की नेता मुमताज पटेल ने एक बड़ा खुलासा किया है. कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल की बेटी और गठबंधन से पहले तक भरूच सीट पर टिकट की दावेदार रहीं मुमताज का कहना है कि उन्हें दिल्ली में किराये पर सिर्फ इसलिए मकान नहीं मिल रहा है क्योंकि, वह मुसलमान हैं. मुमताज पटेल ने हाल ही में टीवी चैनल न्यूज-24 को दिए इंटरव्यू में ये बातें कही हैं. एंकर ने जब उनसे सवाल किया कि क्या मुसलमान भारत में सुरक्षित हैं तो इस पर मुमताज ने कहा कि काफी टफ स्थित है. ये बातें मैं एक मुस्लिम होने के नाते कह रही हूं. आज भी अगर मैं दिल्ली में एक घर किराये पर लेना चाहूं तो कोई देगा नहीं. मैं रोज घर ढूंढ रही हूं, लेकिन नहीं मिल रहा है.