नई दिल्ली, क्रिकेट फैन्स का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. एशिया कप 2023 का आगाज आज (30 अगस्त) पाकिस्तान और नेपाल के मुकाबले के साथ होगा. इस मैच में पाकिस्तानी टीम फेवरेट मानी जा रही हैं और हो भी क्यों न. जहां एक तरफ पाकिस्तान आईसीसी वनडे रैंकिंग की टॉपर टीम है तो वहीं दूसरी ओर पहली बार एशिया कप में खेल रही नेपाल की नई नवेली टीम है. मगर नेपाल को इतना भी कमजोर नहीं समझना चाहिए. इस टीम में एक ऐसा स्टार खिलाड़ी है, जो पाकिस्तानी टीम की बैंड बजा सकता है. हम बात कर रहे लेग स्पिनर संदीप लामिछाने की. नेपाल के स्टार स्पिनर संदीप IPL में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की तरफ से खेल चुके हैं. 23 साल के संदीप लामिछाने का वनडे में बेहद शानदार रिकॉर्ड रहा है. दूसरी ओर पाकिस्तानी टीम स्पिनर्स के सामने कमजोर नजर आ रही है. इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान टीम की हालत पतली हो गई थी.