नूंह , हरियाणा के नूंह में हिंदू संगठनों द्वारा आज शोभायात्रा निकालने के ऐलान के बाद सुरक्षा व्यवस्था काफ़ी चाक-चौबंद है. प्रशासन ने शोभायात्रा निकालने की इजाज़त नहीं दी है. नूंह में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं साथ ही धारा-144 भी लगाई गई है, ताकि लोग एकत्रित न हो सकें. सुरक्षा के मद्देनजर सोहना टोल से नूंह की तरफ़ जाने वाली हर गाड़ी की जांच की जा रही है, गाडि़यों के नंबर नोट किये जा रहे हैं. लोगों को बताया जा रहा है कि वो नूंह की तरफ़ न जाएं. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी लोगों से अपील की है कि वह अपने क्षेत्र के ही मंदिरों में जलाभिषेक करें. पुलिस नूंह में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार नजर आ रही है. जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है. हरियाणा पुलिस के 675 अधिकारी व कर्मचारी मोर्चा संभाल रहे हैं, तो तीन एचएपी की बटालियन लगाई गई हैं. इसके अलावा अर्द्धसैनिक बलों के हजारों जवान नूंह शहर में हर हरकत पर नजर रख रहे हैं. पुलिस ने शहर में प्रवेश से पहले भी बैरिकेडिंग की हुई है. हर बैरिकेटिंग पर कैमरे से हर हरकत पर नजर रखी जा रही है. इसके अलावा हरियाणा पुलिस के जवान हर वाहन को रुकवा कर उसकी चेकिंग करने के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जा रहा है. सड़कों पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई पड़ रहा है. किसी ने जबरन अपने वाहन के साथ नूंह शहर में घुसने की कोशिश की, तो बर्फ वाला नुकीला सुआं टायर पेंचर करने के लिए हर नाके पर पुलिस जवानों के पास रखा हुआ है.