भारत के मून मिशन चंद्रयान-3 की सफलता पर पाकिस्तान ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए भारतीय वैज्ञानिक सराहना के पात्र हैं. पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ का कहना है कि दोनों देशों के बीच वर्तमान संबंधों के मद्देनजर पाकिस्तान ने जिस तरह से भारतीय उपलब्धि की सराहना की है, ऐसा कम ही देखा जाता है.
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के मून मिशन चंद्रयान-3 ने बुधवार को अपने निर्धारित समय शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चांद की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की. सफल सॉफ्ट लैंडिंग के साथ ही भारत चांद पर कदम रखने वाला चौथा देश बन गया है. वहीं, चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत पहला देश बन गया है.