आईटीसी (ITC) अपने होटल कारोबार को अलग कर रही है। अब इसकी योजना आईटीसी होटल्स (ITC Hotels) को अगले छह से नौ महीने में लिस्ट करने ती है। एक मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में अगला फैसला बोर्ड की आगामी बैठक में लिया जा सकता है और बोर्ड की यह बैठक 14 अगस्त को होने वाली है। हालांकि आईटीसी ने अगले छह से नौ महीने में आईटीसी होटल्स को घरेलू स्टॉक मार्केट में लिस्ट करने को लेकर कुछ नहीं कहा है। कंपनी ने 24 जुलाई को एक्सचेंज फाइलिंग में जरूर कहा था कि इस मामले में 14 अगस्त को बोर्ड की बैठक में मंजूरी के लिए प्रस्ताव रखा जाएगा। कंपनी ने पिछले महीने 24 जुलाई को एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी थी कि आईटीसी के बोर्ड ने एक अरेंजमेंट स्कीम के तहत होटल कारोबार को अलग करने के लिए मंजूरी दे दी थी। अब इस पर अगला फैसला 14 अगस्त को बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा। कंपनी ने फाइलिंग में जानकारी दी है कि सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के लिस्टिंग से जुड़े नियमों और बाकी अन्य कानूनों से जुड़े खुलासे उचित समय पर किए जाएंगे। इस डीमर्जर के बाद आईटीसी होटल्स स्वतंत्र कंपनी के रूप में काम करने लगेगा और फिर यह ऑप्टिमल कैपिटल स्ट्रक्चर में अपनी ग्रोथ पर फोकस कर सकेगी।