पंजाब और हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के आसार, 26 जनवरी को भी मेघ जमकर बरसेंगे

CHANDIGARH : पंजाब और हरियाणा में सोमवार से बारिश और ओलावृष्टि के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है। 26 जनवरी को भी मेघ जमकर बरसेंगे। इससे एक बार फिर से सर्दी का दौर लौटेगा। मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होगी। दोनों राज्यों में रात के समय अभी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पंजाब के अमृतसर का न्यूनतम तापमान रविवार को जहां 3 डिग्री सेल्सियस रहा तो हरियाणा के सोनीपत के जगदीशपुर में रात का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिन तक बारिश होगी।
पंजाब में 23 जनवरी को कुछ स्थानों पर जबकि 24 और 25 जनवरी को पूरे पंजाब में तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान है। 26 जनवरी को भी कई जगह बारिश होगी। हरियाणा में भी इन दिनों बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
रविवार को पंजाब में अमृतसर का न्यूनतम मापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि बठिंडा का 5.2, चंडीगढ़ का 7.3, फिरोजपुर का 4.9, जालंधर का 5.6, लुधियाना का 7.2, पठानकोट का 7.3 और पटियाला का 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह हरियाणा के अंबाला का 7.4, भिवानी का 7.9, गुड़गांव का 7.9, करनाल का 7.2, कुरुक्षेत्र का 6.2, नारनौल का 8.4 और सिरसा का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *