जल्द आ रहा ये नया रूल `शादी करो और नौकरी पाओ!

LAKHNOW : UP में शादी करो और नौकरी पाओ! भले ही सुनने में ये हैरानी भरा लगता है, लेकिन ऐसा सच में है। दरअसल, उत्तर प्रदेश में नवविवाहित जोड़ों को उनकी योग्यता के मुताबिक Job देने की तैयारी है। यूपी के परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार नवविवाहित जोड़ों को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी और रोजगार देगी। परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने बलिया के बांसडीह पीजी कॉलेज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित किया था।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों से आने वाले लोगों की शादी करवाई जाती है। इससे इन गरीब परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होता है। सरकार की तरफ से आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में एक साथ सैकड़ों की संख्या में युवक-युवतियों की शादी करवाई जाती है। हालांकि, परिवहन मंत्री द्वारा सामूहिक विवाह में शादी करने वाले नवविवाहित जोड़ों को नौकरी का ऑफर देने के बाद माना जा रहा है कि आने वाले वक्त में इन कार्यक्रमों में शादी करने वाले लोगों की संख्या बढ़ सकती है। मंत्री की तरफ से इशारा किया गया है कि ‘शादी करो और नौकरी पाओ’ ऑफर का फायदा उन्हीं लोगों को मिलेगा, जो मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शामिल होंगे।
परिवहन मंत्री ने कहा, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से गरीब परिवार के युवकों और युवतियों का विवाह कराया जा रहा है। सामूहिक विवाह के बाद सरकार इन नवविवाहित जोड़ों को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी व रोजगार देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आम लोगों को विकास के पथ पर अग्रसर करने के साथ ही उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *