उत्तराखंड के अंकिता भंडारी मर्डर केस को 2 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. पीड़ित परिवार आरोपियों का नार्को टेस्ट कराने के साथ ही मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है. इस बीच उत्तराखंड पुलिस ने बड़ी जानकारी दी है. जिसमें कहा गया है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों का नार्को टेस्ट कराएगी. इसके बाद ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी.दरअसल, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी मुरुगेशन ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया मामले में कुछ चीजें अभी पेंडिंग हैं. जिनमें नार्को टेस्ट भी शामिल है. हमारी जांच पूरी हो गई है. कोर्ट में नार्को टेस्ट के लिए याचिका दी जाएगी. अनुमति मिलने पर आरोपियों का नार्को टेस्ट कराया जाएगा. इसके बाद ही चार्जशीट दाखिल होगी. मामले में IPC की धारा 302, 201, 120 बी लगाई गई है. इसके अतिरिक्त कई धाराओं में मामला दर्ज़ है.बता दें कि पौड़ी गढ़वाल के चर्चित अंकिता मर्डर केस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पीड़ित परिवार आरोपियों के नार्को टेस्ट की मांग कर रहा है. इसके लिए परिवार की तरफ से कोर्ट में आवेदन भी किया गया है. आजतक ने सबसे पहले ब्रेक किया था कि उत्तराखंड पुलिस अंकिता हत्याकांड के आरोपियों का नार्को टेस्ट करा सकती है. हालांकि अब तक इसको लेकर पुलिस के अधिकारी इनकार कर रहे थे. लेकिन आज रविवार को एडीजी ने इसकी पुष्टि कर दी है.