MOHALI : पंजाबी कामेडी कलाकार जसविंदर सिंह भल्ला के घर में चोरी हो गई। आरोपी नौकर ने भल्ला की माता को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। जिस समय वारदात हुई परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। सारी वारदात कैमरे में कैद हो गई है। थाना मटौर की पुलिस ने चोरी और महिला को बंधक बनाने समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जसविंदर भल्ला कुछ समय पहले ही लुधियाना से शिफ्ट होकर मोहाली आए हैं। यहां उन्होंने थाना मटौर के एरिया में अपना घर बनाया है। शुक्रवार को परिवार वाले होली खेलने के लिए गए हुए थे। घर पर बुजुर्ग माता और उनका नौकर था। आरोपी नौकर ने पहले बुजुर्ग के हाथ बांध दिए, उसके बाद अपने साथियों के साथ घर में चोरी की और वहां से फरार हो गया। भल्ला की माता को किसी तरह की कोई चोट नहीं आई है। थाना मटौर के एसएचओ नवीन पाल सिंह लहल ने कहा कि आरोपी गहने, नकदी और पिस्तौल ले गए हैं। मामले की पड़ताल की जा रही है। केस दर्ज कर लिया गया है . पुलिस के मुताबिक जसविंदर भल्ला के घर में एक नेपाली नौकर रहता था। कुछ समय पहले ही वह छुट्टी पर गया तो अपने एक दोस्त को काम पर रखवाया था। उसी ने अपने 4 साथियों सहित मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। सारी वारदात कैमरे में कैद हो गई है।