महंगाई भत्ते (डीए) में 11 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा
CHANDIGARH : पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बिजली को लेकर आम आदमी को बड़ी राहत दी है। पंजाब सरकार ने बिजली की दरों में तीन रुपये प्रति यूनिट की कटौती कर दी है। नई दरें आज से ही लागू हो जाएंगी। सीएम चन्नी ने प्रैस वार्ता में दावा किया कि इस कदम से पंजाब के 95 प्रतिशत निवासियों को फायदा होगा। चन्नी ने कहा कि बिजली उतनी ही महंगी हो जितनी लोग दे सकें। सर्वसम्मति से कैबिनेट ने फैसला लिया है कि बिजली की दरों में कमी की जाए। उन्होंने कहा कि सात किलोवाट तक के स्लैब में उनका टेरिफ तीन रुपए प्रति यूनिट कम होगा। अभी 100 यूनिट पर 4.19 रुपये था, जो अब 1.19 रुपये रह जाएगा। 8.76 रुपये वाला रेट अब 5.76 रुपये प्रति यूनिट हो जाएगा। सीएम ने कहा कि बिजली दरों में कमी तत्काल प्रभाव से लागू होगी। पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कई अन्य घोषणाएं भी की गईं। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं और सभी दल राज्य में आक्रामक तरीके से प्रचार कर रहे हैं।
चन्नी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में 11 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसके लिए 440 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। चन्नी ने कहा, पंजाबियों के लिए बिजली बिल एक प्रमुख मुद्दा है, यह पूरी तरह से अराजकता और गरीबी की ओर ले जाता है, जो आत्महत्या की ओर ले जाता है। हम इसे हल करने जा रहे हैं और इस बारे में आज की कैबिनेट में फैसला किया है। ग्राहकों को सस्ती दरों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति का वादा करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार जीवीके गोइंदवाल साहिब के साथ बिजली खरीद समझौते को समाप्त कर देगी।