CHANDIGARH : नवजोत सिद्धू से सीएम चन्नी की नाराजगी के बीच पंजाब के एडवोकेट जनरल एपीएस देयोल ने इस्तीफा दे दिया है। देयोल की नियुक्ति को लेकर पंजाब कांग्रेस चीफ नवजोत सिद्धू लगातार सवाल उठा रहे थे। अभी हालांकि इसका औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है लेकिन एडवोकेट देयोल जल्द सीएम चन्नी से मुलाकात के बाद इसकी औपचारिक तौर पर घोषणा करेंगे। सूत्रों ने बताया कि उनकी जगह पर दूसरे किसी की तलाश पहले ही शुरु हो चुकी थी। नवजोत सिद्धू एपीएस देयोल और डीजीपी इकबालप्रीत सिंह सहोता की नियुक्त को लेकर सरकार से खासा नाराज चल रहे थे और अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
सिद्धू ने इसके पीछे दलील दी थी कि बेअदबी मामले के खिलाफ दयोल ने ही कोर्ट में पैरवी की थी। इसके अलावा उन्होंने पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी का केस भी लड़ा था। इन दोनों मामलों को लेकर पहले भी नवजोत सिंह सिद्धू पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार पर हमले बोलते रहे हैं।
बता दें, सिद्धू की नाराजगी के बाद सीएम चरणजीत चन्नी ने एडवोकेट देयोल को बेअदबी और गोलीकांड के केस से अलग कर लिया। उनकी जगह पर एडवोकेट आरएस बैंस को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त कर दिया। हालांकि सिद्धू इस पर भी राजी नहीं हुए। नवजोत सिद्धू चाहते थे कि एडवोकेट डीएस पटवालिया पंजाब के नए एडवोकेट जनरल बनें। उनकी नियुक्ति तक होने की चर्चा थी। हालांकि सरकार इससे सहमत नहीं हुई। जिसके बाद अंत में एडवोकेट देयोल की नियुक्ति कर दी गई।