जयपुर, राजस्थान के नागौर जिले से सांसद हनुमान बेनीवाल ने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हनुमान बेनीवाल ने अपना इस्तीफा सौंपा है। हनुमान बेनीवाल राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हैं। वह राजस्थान के नागौर जिले से सांसद हैं। एक व्यक्ति एक ही पद से जनता प्रतिनिधित्व कर सकता है। हनुमान बेनीवाल नागौर से सांसद के साथ अभी अभी हुए राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में खींवसर से जनता ने चौथी बार विधायक चुना है। पश्चिमी राजस्थान के जाट पट्टी में हनुमान बेनीवाल काफी लोकप्रिय हैं। सोशल मीडिया पर वे खासे सक्रिय रहते हैं। उनकी बड़ी फैन फॉलोविंग है। संसद भवन में हुई घुसपैठ में घुसपैठियों को बिना डरे पकड़ने की वजह से हनुमान बेनीवाल इन दिनों खासा सुर्खियों में हैं। हनुमान बेनीवाल मूलत: नागौर निवासी है। छात्र जीवन में ही वे राजनीति में सक्रिय हो गए थे। वे राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। छात्र राजनीति से निकलने के बाद उन्होंने भाजपा का दामन थामा। साल 2008 में वे भाजपा के टिकट पर खींवसर से पहली बार विधायक बने। किन्हीं कारणों से बेनीवाल ने भाजपा छोड़ अपनी पार्टी बना ली।