लालच में अंधा होकर आदमी कुछ भी कर बैठता है। ताजा मामले में दूल्हा पक्ष ने दहेज के लालच में शादी तोड़कर एक लड़की का जीवन कठिनाई में डाल दिया। मंगलवार को मोहल्ला ऊंचा घाटी (फिल्लौर) में नरेश कुमार की बेटी के लिए धूमधाम से बरात आई लेकिन दूल्हे ने मुंहमांगा दहेज नहीं मिलने पर शादी ही नहीं करने की धमकी दे डाली।
जब दुल्हन पक्ष ने उन्हें सोने की पांच अंगूठियां देने में असमर्थता जताई तो लालची दूल्हे ने सेहरा फेंक दिया। बिना फेरे लिए बरात सहित लौट गया। जब दुल्हन को यह बात पता चली तो उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई और वह बेहोश हो गई। उसे बड़ी मुश्किल से वहां मौजूद लोगों ने संभाला। लड़की के पिता ने एसएसपी देहात स्वप्नदीप सिंह को शिकायत देकर इंसाफ की मांग की है। दुल्हन के पिता नरेश कुमार ने बताया कि दूसरी बेटी की शादी पटियाला के अभिषेक कुमार के साथ तय की गई थी। लड़का पक्ष ने बरात की अच्छी तरह से खातिरदारी करने की बात कही थी। उन्होंने शहर के सतलुज क्लब में शादी कार्यक्रम रखा। इस पर छह लाख खर्च आया। लड़के पक्ष ने 26 मिलनी करवाई।खाना खाने के बाद लड़के के पिता नवीन और माता मधू ने उनसे कहा कि वे इस विवाह से संतुष्ट नहीं है क्योंकि बरात की खातिरदारी उनके मुताबिक नहीं हुई। अगर वे शादी पूरी होती देखना चाहते हैं तो पांच सोने की अंगूठियां लाकर दें। नरेश ने आरोप लगाया कि उन्होंने ऐसा करने में असमर्थता जताई तो दूल्हे ने सेहरा नीचे फेंक दिया।