सेबी ने सरकारी बीमा कंपनी LIC IPO के ड्राफ्ट को मंजूरी दी

NEW DELHI : बाजार नियामक सेबी ने सरकारी बीमा कंपनी LIC IPO के ड्राफ्ट को मंजूरी दे दी है। सेबी की यह मंजूरी ड्राफ्ट सौंपे जाने के 22 दिन के भीतर आई है। इससे पहले सेबी ने किसी भी IPO के ड्राफ्ट को इतनी जल्दी मंजूरी नहीं दी थी। सेबी की मंजूरी से इस बात के भी संकेत मिल रहे हैं कि LIC IPO टलने के बजाय जल्दी ही लॉन्च होने वाला है।
सूत्रों के हवाले से बताया गया कि सेबी ने ड्राफ्ट को मंजूर करते हुए ऑब्जर्वेशन लेटर भी जारी कर दिया। इसके साथ ही अब LIC IPO को बाजार में उतारने का रास्ता साफ हो चुका है। सरकारी बीमा कंपनी ने सेबी के पास फरवरी में IPO का ड्राफ्ट सौंपा था। सेबी को कहा गया था कि वह LIC IPO के ड्राफ्ट को मंजूरी देने का काम 3 सप्ताह में पूरा करे। आम तौर पर सेबी इस काम में महीनों का समय लगाता है। ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि बाजार नियामक ड्राफ्ट को मार्च के पहले सप्ताह में मंजूरी दे सकता है। हालांकि बाद में ऐसी खबरें भी आ रही थीं कि रूस-यूक्रेन की लड़ाई के बीच शेयर मार्केट के बिगड़े हाल के चलते सरकार फिलहाल LIC IPO को टाल सकती है।
IPO के ड्राफ्ट के अनुसार, LIC के कुल 632 करोड़ शेयर होंगे, इनमें से करीब 31.6 करोड़ शेयर IPO में बेचे जाएंगे। इस आईपीओ में LIC के पॉलिसी होल्डर्स के लिए अलग से एक हिस्सा रिजर्व रखा जा रहा है। ड्राफ्ट में LIC के पॉलिसी होल्डर्स के लिए 10 फीसदी यानी करीब 3.16 करोड़ शेयर रिजर्व रखने का प्रस्ताव किया गया है। इसमें QIBs के लिए 50 फीसदी शेयर रिजर्व होंगे, जबकि गैर-संस्थागत इन्वेस्टर्स के लिए 15 फीसदी हिस्सा अलग रखा जाएगा। पहले कहा जा रहा था कि इस आईपीओ के जरिए सरकार एलआईसी में अपनी 10 फीसदी तक हिस्सेदारी बेच सकती है। ऐसा होता तो आईपीओ का साइज 1 लाख करोड़ रुपये के भी पार निकल सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *