सीमा हैदर का दावा है कि वह अपने सच्चे प्यार के लिए सब कुछ छोड़कर पाकिस्तान से भारत आई हैं। वह अपने आशिक सचिन के साथ जीने और मरने की कसमें खा रही हैं। उन्होंने कहा कि मैं पाकिस्तान वापस नहीं जाउंगी, वहां अब मेरी अर्थी ही जाएगी। भारत की नागरिकता पाने के लिए सीमा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने दया याचिका भी दायर की है। ऐसे में हर किसी के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या सीमा को वापस पाकिस्तान डिपोर्ट कर दिया जाएगा? या सीमा भारत में ही रहेंगी? एक सर्वे में इस सवाल को लेकर लोगों से जवाब मांगा गया। अब चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। सर्वे में लोगों से पूछा गया कि आप क्या चाहते हैं… सीमा हैदर भारत में ही रहे या पाकिस्तान भेज दी जाए? यह सर्वे टाइम्स नाउ की तरफ से किया गया। हैरान करने वाली बात यह है कि तीन चौथाई लोगों ने कहा कि सीमा को वापस पाकिस्तान भेज देना चाहिए। जी हां…. कुल 75 फीसदी लोगों ने यह इच्छा जाहिर की कि सीमा को पाकिस्तान डिपोर्ट कर देना चाहिए। वहीं बाकी बचे 25 फीसदी लोगों ने कहा कि सीमा को भारत में ही रहने दिया जाए। बता दें कि सीमा और सचिन की शनिवार को तबीयत बिगड़ गई। दोनों को ग्लूकोज चढ़ाया गया था। दरअसल, एटीएस समेत कई जांच एजेंसियां सीमा, उनके चारों बच्चों, सचिन और सचिन के पिता से पूछताछ में जुटी हैं। सीमा-सचिन की लव स्टोरी में दिलचस्पी रखने वाले लोग अब पाकिस्तानी शादीशुदा महिला पर संदेह भी करने लगे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश में जुटी हैं कि कहीं सीमा पाकिस्तानी जासूस तो नहीं?