सीआईए स्टाफ ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया

जालंधर, (विशाल)-जालंधर में सीआईए स्टाफ ने मंगलवार रात को 45 ग्राम हेरोइन, 50 हजार की ड्रग मनी, एक कार और एक बुलेट मोटरसाइकल के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। अग्रवाल वैष्णो ढाबा के सामने सिटी क्लासिक जायका ढाबे की पार्किंग के पास से पकड़े गए इन आरोपियों में एक 2018 में शहर की एसी मार्केट में जुआ लूटने की कोशिश का आरोपी भी है। उस वक्त वह जुआरी की तरफ से चलाई गई गोली लगने से घायल हो गया था। फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।मिली जानकारी के मंगलवार रात को सीआईए स्टाफ-1 की टीम अग्रवाल वैष्णो ढाबा के पास गश्त पर थी। इस दौरान वहां बुलेट बाइक पर सवार दो युवकों को शक के आधार पर रोका। तलाशी में इनसे 45 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इनमें से अली मोहल्ले के साहिल गिल उर्फ मासी से 18 और साहिल कल्याण उर्फ साहिल से 27 ग्राम हेरोइन मिली। हिरासत में लेकर पूछताछ में आरोपियों से एक टोयोटा कोरोला गाड़ी भी बरामद की गई। यह कार साहिल कल्याण ने ड्रगमनी से अपने जीजा कुलदीप सिंह के नाम पर खरीद रखी है। बुलेट बाइक साहिल गिल ने एक दोस्त राजन के नाम पर खरीद रखी है।पुलिस पूछताछ में साहिल गिल ने बताया कि वह 12वीं तक पढ़ा है और नशा करता है। साल 2018 में एसी मार्केट में विवेक महाजन और उसके साथी जुआ खेल रहे थे। तभी उसने अपने साथियों तरुण गिल उर्फ लल्ली, रजत नाहर, अमित कुमार उर्फ सांगा, नितिन अरोड़ा उर्फ डेलू और अभिनंदन उर्फ नंदू के साथ मिलकर साढ़े तीन लाख रुपए की जुए की रकम लूटने के लिए दरांत और हथियारों से हमला किया था। तब विवेक उर्फ कूका महाजन और उसके साथियों ने गोलियां चलाई तो साहिल उर्फ मासी के पैर में गोली लगी थी। इस मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इसके अलावा वह भार्गव कैंप में दर्ज केस में भी वांछित था।दूसरा आरोपी साहिल कल्याण पांचवीं तक पढ़ा है। वह भी नशा करने का आदी है। करीब 10 साल पहले वह अली मोहल्ले में छोले-भटूरे की रेहड़ी लगाता था। फिर हेरोइन बेचने लग गया। उसी के घर से पुलिस ने 50 हजार की ड्रगमनी और कार बरामद की है। उसके खिलाफ पहले भी 3 केस दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *