जालंधर : पंजाब प्रैस क्लब, जालंधर की सालाना जनरल हाउस बैठक के दौरान आज प्रसिद्ध पत्रकार सतनाम सिंह माणक को क्लब का 2 साल के लिए भारी बहुमत से अध्यक्ष चुन लिया गया। स्थानीय रैडक्रॉस भवन में हुए समारोह की शुरुआत पंजाब प्रैस क्लब के पूर्व प्रधान स्व. मेजर सिंह एवं कोरोना काल में जान गंवा चुके पत्रकारों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर क्लब के पूर्व प्रधान डा. लखविंदर सिंह जौहल ने क्लब की पिछली कारगुजारी संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए लेखा-जोखा सार्वजनिक किया।
इस अवसर पर विभिन्न पत्रकारों ने क्लब की प्रबंधक कमेटी के पिछले कार्यकाल की कमियोंं को उजागर किया वहीं क्लब एवं पत्रकारों की बेहतरी के लिए कमेटी को सुझाव भी दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुनील रुद्रा, डा. सुरिंदरपाल, दूरदर्शन के न्यूज रीडर रमन कुमार, अर्जुन शर्मा, जतिंदर शर्मा, राकेश शांतिदूत, पाल सिंह नौली, दर्शन सिंह सोढ़ी, निखिल शर्मा, अल्बर्ट शैली, राजेश थापा, रमेश नैय्यर आदि ने क्लब की अब तक की कारगुजारी एवं सदस्यता को लेकर सवाल उठाते हुए क्लब के कामकाज को और पारदर्शी बनाने के लिए पत्रकारों की बेहतरी के लिए उचित कदम उठाए जाने की मांग की। इस अवसर पर लखविंदर सिंह जौहल ने विभिन्न पत्रकारों द्वारा उठाए गए सवालों का बड़े ही संयम के साथ जवाब दिया। इस अवसर पर सतनाम सिंह माणक ने क्लब के पूर्व प्रधान डा. लखविंदर सिंह जौहल की अगुवाई में टीम के 4 साल के कार्यकाल को सराहा। बाद में बड़ी संख्या में क्लब सदस्यों की उपस्थिति में पंजाब प्रैस क्लब के प्रधान का पद संभालते हुए सतनाम सिंह माणक ने कहा कि पत्रकारों की बेहतरी एवं क्लब की मजबूती के लिए वे सारे सदस्यों को साथ लेकर चलेंगे और उनकी कोशिश होगी कि क्लब में किसी पत्रकार को कोई परेशानी न आए। इस अवसर पर मंच पर डा. कमलेश सिंह दुग्गल, कुलदीप सिंह बेदी, परमजीत सिंह रंगपुरी, आईपी सिंह, मलकीत सिंह बराड़, शिव शर्मा, राजेश योगी, रोहित शर्मा एवं राकेश सूरी आदि उपस्थित थे।