जालंधर,(विशाल)-वार्ड नंबर पांच के तहत आती नूरपुर कालोनी के लोग पिछले 15 दिनों से पेयजल किल्लत का सामना कर रहे हैं। पहले यहां पर रोजाना शाम को एक घंटा और सुबह एक घंटा पानी आ रहा था, लेकिन अब यह भी बंद हो गया है। इसके विरोध में परेशान लोगों ने अकाली दल के सीनियर नेता एवं पार्षद बलजिदर कौर लुबाना के पति कुलदीप सिंह लुबाना के नेतृत्व में नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और खाली बाल्टियां खड़काईं। अकाली नेता कुलदीप सिंह लुबाना ने कहा कि तेज गर्मी शुरू हो गई है और पानी की किल्लत से लोग बेहाल हैं। नगर निगम पानी की सप्लाई तक नहीं दे पा रहा है। इलाके के लोगों ने कहा कि अगर नगर निगम पानी की सप्लाई बहाल नहीं करेगा तो वह इलाका पार्षद के साथ मिलकर खुद सप्लाई लेने को मजबूर होंगे। दिलबाग नगर के रोज पार्क में गंदे पानी की सप्लाई दिलबाग नगर से सटी कालोनी रोज पार्क में पिछले कई दिनों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इससे लोग परेशान हैं और दूसरे इलाकों से पानी लाकर गुजारा कर रहे हैं। लोगों ने कहा कि नगर निगम और इलाका पार्षद से भी शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है। यहां पर हाल ही में सीवरेज की नई पाइप लाइन बिछाई गई है और इसके लिए काफी खोदाई की गई थी। इसके बाद से ही गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इलाका निवासी इशा भल्ला व अन्यों ने कहा कि नगर निगम लोगों को साफ पानी तक नहीं दे पा रहा है। घरों में जो पानी आ रहा है, उसमें से बदबू आ रही है। उन्होंने कहा कि आसपास के इलाकों में जहां लोगों के घरों में समर्सिबल लगे हैं, वहां से पानी लेकर गुजारा किया जा रहा है