प्रताप बाग सब्जी मंडी बंद करवाने पहुंची पुलिस का दुकानदारों ने किया विरोध

जालंधर, (विशाल)- प्रताप बाग साप्ताहिक सब्जी मंडी में शुक्रवार दोपहर जमकर हंगामा हुआ। मंडी लगने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस को व्यापारियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
वहां पुलिस व्यापारियों को दुकान लगाकर सब्जी बेचने से रोक रही थी। वहीं दुकान लगाने पर अड़े दुकानदारों का कहना था कि सब्जी मंडी के 150 व्यापारी करीब 20 लाख का माल लेकर आए हैं। वह अब इन सब्जियों का क्या करेंगे। हालात बिगड़ते देख मौके पर पहुंचे एसएचओ मुकेश कुमार ने व्यापारियों के आगे हाथ जोड़कर कहा कि कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है, कृपया प्रशासन की मदद करें। दोनों पक्षों में हुई वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया कि कोरोना प्रोटोकाल के साथ तीन बजे तक तो मंडी लगेगी, लेकिन यह साप्ताहिक मंडी अगले हफ्ते से बंद रहेगी। मौके पर मौजूद व्यापारियों का कहना था कि हमेशा की तरह पिछले शुक्रवार को भी यह मंडी लगी थी। तब कोई पुलिस कर्मी नहीं आया था। व्यापारियों ने नाइट क‌र्फ्यू को देखते हुए तब शाम पांच बजे तक खुद ही काम समेट दिया था और इस शुक्रवार को मंडी लगने के बाद बिना किसी पूर्व सूचना के पुलिस अचानक मंडी बंद कराने चली आई। अगर पुलिस को सब्जी मंडी बंद ही करानी थी तो उन्हें व्यापारियों को पहले सूचित करना चाहिए था। वही थाना तीन के एसएचओ मुकेश कुमार का कहना है कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने हर साप्ताहिक मंडी पर पाबंदी लगा रखी है। इस बारे में दुकानदारों को पहले ही सूचित किया गया था कि वह डोर टू डोर जाकर सब्जी की सप्लाई करें और इस दौरान शारीरिक दूरी बनाए रखें। ऐसा न करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *