लुधियाना अदालत में ब्लास्ट, चारों तरफ मची अफरा-तफरी, 1 शख्स की मौत, 2 घायल

LUDHIANA : लुधियाना की एक अदालत में गुरुवार को ब्लास्ट हुआ, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई और 2 लोग घायल हो गए हैं. ब्लास्ट लुधियाना जिला कोर्ट के परिसर की दूसरी मंजिल के वॉशरूम में हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. इसे उच्च तीव्रता वाला ब्लास्ट बताया जा रहा है. कोर्ट रूम में जो रीडर्स के कमरे होते हैं, उसके करीब वॉशरूम था, वहां ब्लास्ट हुआ है. इस घटना में एक शख्स की मौत की पुष्टि हो गई है.
जिस वक्त ये धमाका हुआ, कोर्ट परिसर में वकीलों समेत काफी लोग मौजूद थे. ब्लास्ट के बाद परिसर में हड़कंप मच गया. ब्लास्ट इतना तेज था कि नीचे की मंजिलों के शीशे टूट गए. फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि यह ब्लास्ट किसने किया और किस चीज से अंजाम दिया. इस ब्लास्ट की वजह से पूरी इमारत को नुकसान पहुंचा है. पंजाब में आने वाले कुछ महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे समय पर कोर्ट परिसर में इस तरह का ब्लास्ट लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल खड़े कर देता है.
लुधियाना के पुलिस कमिशनर गुरप्रीत सिंह भुलर ने कहा कि 1 की मौत हो गई है और 2 लोग जख्मी हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. धमाका कोर्ट की दूसरी मंजिल पर बाथरूम में हुआ है. बाथरूम के साथ ही रिकॉर्ड रूम था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *