नई दिल्ली, लक्षद्वीप के सांसद मोहम्मद फैजल की लोकसभा सदस्यता फिर से बहाल हो गई है. केरल हाई कोर्ट द्वारा उनका कन्विक्शन रद्द किए जाने के बाद सदस्यता बहाली की उनकी प्रक्रिया लंबित थी, जिसे लेकर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई भी हुई. इसके एक दिन बाद लोकसभा की ओर से उनकी सदस्यता बहाल कर दी गई और अब वह दोबारा लक्षद्वीप के सांसद हैं. इस पूरे मामले को राहुल गांधी की सदस्यता जाने के नए ताजा तरीन मामले से जोड़कर देखा जा रहा है. ये इसलिए भी अहम है, क्योंकि अभी हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी लोकसभा सदस्यता गंवाई है. मोदी सरनेम केस में सूरत सेशंस कोर्ट ने उन्हें दोषी माना और दो साल की सजा सुनाई. राहुल गांधी वायनाड से सांसद थे और इस मामले में दोषी साबित होने के बाद वायनाड आगामी लोकसभा चुनाव होने के एक साल पहले बिना सांसद का हो गया है. इसके बाद से कयास और अटकलें जारी हैं कि क्या राहुल गांधी की सदस्यता बहाल हो पाएगी? क्या राहुल गांधी अगला आम चुनाव लड़ पाएंगे? इन सभी सवालों के कारण एनसीपी के सांसद मोहम्मद फैजल की सांसदी जाना और फिर उसका बहाल होना इसलिए महत्वपूर्ण हो जाता है कि क्या इसी आधार पर राहुल गांधी भी संसद में वापसी कर सकेंगे.