जालंधर,(विशाल) जिला प्रशासन, नगर निगम व पुलिस विभाग की इजाजत के बगैर रविवार को फिर से संडे मार्केट सजा दी गई है। यहां पर जिले भर से खरीदार पहुंचे। इस कारण देखते ही देखते भगवान वाल्मीकि चौक से लेकर रैनक बाजार व शेखां बाजार से लेकर कलां बाजार तक का इलाका लोगों की भीड़ से खचाखच गया खास बात यह है कि एक दिन पहले ही इस बाजार में झपटमारी की घटना भी हुई थी। इसमें एक महिला ने खरीदारी करने आई महिलाओं का पर्स छीनकर भागने की कोशिश की थी।भगवान वाल्मीकि चौक से लेकर कलां बाजार, गुड़ मंडी, भैरों बाजार तक हर रविवार को तीन हजार के करीब फड़ियां सजाई जाती है। यहां हर तरह का सामान बेचा जाता है। बताया जा रहा है कि बाजार के दुकानदार अपने आगे फड़ी लगाने के बदले अच्छी खासी वसूली भी करते हैं। इसमें कई अड्डे तो ऐसे हैं जहां पर वर्ष भर के लिए फड़ी लगाने के लिए एडवांस में पैसे ले लिए जाते हैं। इस तरह से निगम प्रशासन को चुना भी लगाया जा रहा है। अगर नगर निगम का तहबजारी विभाग यहां से खुद वसूली करेगा तो अच्छा खासा रेवेन्यू आ सकता।करीब 15 फुट की रोड पर हर रविवार को दोनों तरफ से फड़ियां सजा दी जाती है। संडे मार्केट के दौरान दोनों तरफ से करीब 5-5 फुट कब्जा करके फड़ियां सजाई जाती है। जिस कारण एक जगह पर ट्रैफिक जाम होने का असर पूरी मार्केट पर पड़ता है। इस दौरान भीड़ के बीच फंसे लोग कई बार घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।