दिल्ली, नेपाल के पोखरा में हुए प्लेन हादसे में 72 लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों में चार युवक, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहने वाले हैं. चारों नेपाल घूमने गए थे. इनमें से ही सोनू जायसवाल ने प्लेन हादसे से चंद सेकंड पहले लाइव वीडियो बनाना शुरू किया था, जो प्लेन हादसे के बाद भी जारी रहा. यानी सोनू के लाइव वीडियो में ही पूरा प्लेन हादसा कैद हो गया. पोखरा प्लेन हादसे के बाद गाजीपुर में मातम का माहौल है. चार दोस्तों की दर्दनाक मौत से हर कोई अचंभित है. इस हादसे में सोनू जायसवाल के साथ ही विशाल शर्मा, अनिल राजभर और अभिषेक कुशवाहा ने जान गंवाई है. चारों की उम्र 23 से 28 साल के बीच थी. चारों का शव आज गाजीपुर पहुंचेगा, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हो गई है.