यूपी की जेलों में भी होगा प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण, कैदियों को भी 22 जनवरी का बेसब्री से इंतजार

लखनऊ, सोमवार को अयोध्या में होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का प्रदेश की जेलों में भी सीधा प्रसारण किया जाएगा। जेलों में बंद कैदी भी 22 जनवरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जेलों की बैरक में प्राण प्रतिष्ठा दिखाने के लिए एलईडी टीवी लगाई जाएंगी। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले, कैदी विभिन्न सामान तैयार करने में व्यस्त हैं, जिन्हें समारोह के लिए भेजा जा रहा है और जेलों में उनके लिए रामकथा और भजन सुनने की भी व्यवस्था की जा रही है। कैदियों के लिए प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के सीधा प्रसारण के लिए की गई व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर, जेल मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा, हम उन्हें प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए जेलों के अंदर व्यवस्था कर रहे हैं। जेल के अंदर हर कोई कट्टर अपराधी नहीं है और वे समारोह का सजीव प्रसारण देखने के लिए बहुत उत्सुक हैं। इस बारे में अपर पुलिस महानिदेशक (जेल) एस एन साबत ने कहा, हमारे पास जेलों की बैरक में एलईडी टीवी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहले से ही हैं। प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा। यह उनके लिए एक आध्यात्मिक कार्यक्रम भी होगा। इस कार्यक्रम से कैदियों को जेल से बाहर आने पर अपराध से दूर रहने में मदद भी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि जेल के कैदी भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए अपनी तरफ से चढ़ावा भेज रहे हैं। भदोही जेल से राम मंदिर डिजाइन वाली कालीन और लटकने वाली कालीन बृहस्पतिवार को ही अयोध्या भेजी जा चुकी हैं। भगवान राम और मंदिर वाली ये कालीन कैदियों ने तैयार की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *