लखनऊ, 22 जनवरी को होने वाली राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले रामलला की फोटो लीक होने पर अफसरों में हड़कंप मच गया। रामलला की फोटो लीक करने वाले अफसरों पर श्रीराम मंदिर ट्रस्ट ऐक्शन में आ गया। दरअसल ट्रस्ट को शक है कि सोशल मीडिया पर रामलला की जो फोटो वायरल हुई है वह एल एंड टी के अफसरों की तरफ से की गई है। रामलला की फोटो वायरल करने वाले अफसरों पर ट्रस्ट कार्रवाई की तैयारी में हैं। बतादें कि अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का निर्माण और डिजाइन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) की तकनीकी सहायता से लार्सन एंड टुब्रो (एल एंड टी) और टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स की तरफ से किया जा रहा है। माना जा रहा है कि कंपनी के किसी ही किसी कर्मचारी या अधिकारी ने फोटो खींचकर वायरल की है। हालांकि फोटो कहां से वायरल हुई है अभी इसकी पूरी तरह से पुष्टि नहीं हो पाई है।
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के गर्भगृह में 18 जनवरी को रामलला विग्रह को अपने आसन पर स्थापित कर दिया गया। इससे पहले बुधवार देर रात श्रीरामलला की रजत प्रतिमा को पालकी में विराजमान कर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य एवं यजमान डा. अनिल मिश्रा ने जन्मभूमि परिसर का भ्रमण कराया, जिसमें काशी से आए विद्वान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन करते रहे। इस दौरान गर्भगृह में पुष्प वर्षा की गयी। पूरे परिसर में जगह-जगह पर सुंदर सजावट भी की गयी थी। गर्भगृह से सिंहासन, पूजन शुरू हो गया है।