Kyiv : यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की अमेरिका के दौरे पर हैं। इस यात्रा के दौरान जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात की। राष्ट्रपति बाइडेन के साथ बैठक के बाद वह प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी शामिल हुए। वहीं अब यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित कर रहे हैं। जब जेलेंस्की अमेरिकी संसद पहुंचे, तो तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका जबरदस्त स्वागत किया गया। यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद ये पहला मौका है, जब यूक्रेनी राष्ट्रपति देश से बाहर निकले हैं और विदेश यात्रा कर रहे हैं। जेलेंस्की ने यूएस कांग्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि यूक्रेन कभी भी आत्मसमर्पण नहीं करेगा। ‘यूक्रेन अभी जिंदा है, रूस के साथ समझौता नहीं करेंगे’। इस दौरान मौजूद सदस्यों ने जोरदार तालियां बजाकर जेलेंस्की का समर्थन किया।
जेलेंस्की ने कहा कि इस लड़ाई को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है, उम्मीद है कि उन्हें कुछ और सुरक्षा प्रदान की जाएगी। वहीं जेलेंस्की ने कहा कि वह अमेरिका की यात्रा पहले ही करना चाहते थे। उन्होंने बाइडेन को संबोधित करते हुए कहा कि आपके समर्थन के कारण स्थिति नियंत्रण में है। जेलेंस्की ने संवाददाताओं से कहा कि मेरे लिए एक राष्ट्रपति के रूप में, शांति सिर्फ ‘कोई समझौता नहीं है। उन्होंने कहा कि एक बार यूक्रेन की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता बहाल हो जाने के साथ-साथ रूसी आक्रमण से हुए सभी नुकसानों की भरपाई के बाद युद्ध समाप्त हो जाएगा।