महिला ने भगवान विष्णु से रचाई शादी

जयपुर, भगवान और भक्त का रिश्ता अनोखा होता है. भक्त अलग-अलग तरीके से अपने ईश्वर को खुश करने की कोशिश करते हैं ताकि ईश्वर की उन पर कृपादृष्टि पड़े. लेकिन भगवान के प्रति अपनी आस्था और समर्पण प्रकट करने के लिए भक्त कई बार ऐसे काम कर जाते हैं जिन्हें देख दुनिया हैरान रह जाती है. कुछ ऐसा ही जयपुर की रहने वाली पूजा सिंह ने भी किया, जिन्होंने पूरे रीति-रिवाजों के साथ भगवान विष्णु की मूर्ति से विवाह रचा लिया. पूजा ने इस दौरान सारी रस्में निभाई और उनकी बारात में सैकड़ों लोग भी जुटे. पूजा ने 8 दिसंबर को जयपुर में भगवान विष्णु की मूर्ति से शादी की थी. हालांकि कई शास्त्रियों ने इस शादी पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी. काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में धर्मशास्त्र मीमांसा विभाग के प्रोफेसर माधव जनार्दन रटाटे ने बताया कि परमात्मा सबके पति और पिता होते हैं. यदि उच्च कोटि की भक्ति हो तो भगवान से विवाह किया जा सकता है. जैसे मीरा बाई ने भगवान श्री कृष्ण को अपना पति मान लिया था, उसी तरह भक्त कई बार अपने ईश्वर को अपना जीवनसाथी स्वीकार कर लेते हैं. लेकिन अगर यह केवल दिखावा करने के लिए किया जाए तो यह उचित नहीं है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *