भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कान्हा का जन्मदिन का जश्न इस बार 6 सितंबर और 7 सितंबर दो दिन मनाया जा रहा है। कृष्ण मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। भाद्र माह की कृष्ण पक्ष की अष्टमी को भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया था इसलिए इस दिन को जन्माष्टमी के रूप में मनाया जाता है। लोग पूरी रात मंगल गीत गाकर भगवान के जन्मदिन की खुशियां मनाते हैं। रात के 12 बजे भोग लगाकर पूजा और आरती की जाती है। उसके बाद प्रसाद बांटा जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस एक दिन व्रत रखने से मनचाहा वरदान मिलता है। मंदिरों में लोग झांकियां सजाते हैं और भगवान को झूला झुलाते हैं।