बनारस, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की लीडरशिप डेरा सचखंड बल्लां के गद्दीनशीन संत निरंजन दास महाराज जी की अगुवाई में बनारस में श्री गुरु रविदास जी महाराज के प्रकाशोत्सव को समर्पित समारोह में नतमस्तक हुई। हर साल लाखों श्रद्धालु श्री गुरु रविदास जी महाराज का प्रकाशोत्सव मनाने के लिए यहां आते हैं और उनमें बड़ा उत्साह देखने को मिलता है तथा वे गुरु रविदास जी महाराज की वाणी से भी जुड़ते हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी के नेतृत्व में बसपा लीडरशिप ने बनारस में प्रकाश पर्व समारोह में हाजरी लगाई और संगत को प्रकाशोत्सव की बधाई दी। इस अवसर पर बसपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. करीमपुरी के साथ प्रदेश कोऑर्डिनेटर व नवांशहर से विधायक डॉ. नछत्तर पाल, बसपा के प्रदेश महासचिव एडवोकेट बलविंदर कुमार, जिला नवांशहर के अध्यक्ष सरबजीत जाफरपुर, चरणजीत मंढाली, बलदेव सलाला, एनआरआई साथी शिंदा कौलधर, देसराज जर्मन व अन्य एनआरआई साथी भी उपस्थित थे। इस दौरान बसपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी ने कहा कि प्रकाशोत्सव पर हमें गुरु रविदास जी महाराज के फलसफे को जानने की जरूरत है।
गुरु रविदास जी महाराज ने बेगमपुरा का संकल्प दिया, जिसके अनुसार एक ऐसी व्यवस्था स्थापित होनी चाहिए, जिसमें किसी को दुख ना हो और सभी एकसमान खुशहाल जीवन व्यतीत कर सकें। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी ने कहा कि पंजाब और देश की मौजूदा व्यवस्था इस फलसफे पर खरी नहीं उतरती, जिसके कारण लोग काफी परेशान हैं। लोगों को रहने के लिए बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि संगत को बेगमपुरा की स्थापना के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहिए। डॉ. करीमपुरी ने यह भी कहा कि प्रकाशोत्सव मनाने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु बनारस आते हैं, लेकिन उनके लिए उचित व्यवस्था ना होने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस बार भी श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हुई और कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं। उन्होंने कहा कि लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।