फीफा वर्ल्ड कप 2022 : सेमीफाइनल से पहले मेसी की अर्जेंटीना को झटका, 2 खिलाड़ी सस्पेंड

DOHA : फीफा वर्ल्ड कप 2022 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला आज खेला जाना है। मुकाबला अर्जेंटीना और क्रोएशिया में है। दोनों में जो जीता उसे फाइनल का टिकट मिलेगा। हालांकि, इस अहम मैच से पहले अर्जेंटीना मुश्किल में है। दरअसल, उसके दो खिलाड़ियों को सस्पेंड कर दिया गया है। सस्पेंड होने के चलते वो खिलाड़ी सेमीफाइनल में नहीं खेल सकेंगे। इतना ही नहीं अर्जेंटीना के लिए सेमीफाइनल में खेलने को लेकर सस्पेंस की स्थिति मेसी को लेकर भी बनी है। वहीं क्रोएशिया की टीम बगैर इसकी परवाह किए मेसी और अर्जेंटीना के खिलाफ प्लान बनाने में जुटी है।
अर्जेंटीना के खिलाफ सेमीफाइनल में क्रोएशिया का प्लान बताएं, उससे पहले आपको बता दें कि क्रोएशिया की टीम ने ब्राजील का सपना तोड़ सेमीफाइनल का टिकट कटाया था। जबकि अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल में नेदरलैंड्स को हराया था। इसी मुकाबले के दौरान मेसी रेफरी से उलझ पड़े थे, जिसके चलते उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का फैसला आना बाकी है। अब वो फैसला क्रोएशिया के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले आता है तो हो सकता है कि बाकी दो साथियों की तरह मेसी भी सेमीफाइनल से बाहर रहें। हालांकि, ये फिलहाल कयास ही है। अर्जेंटीना के सस्पेंड हुए दोनों खिलाड़ियों में एक हैं मार्कस अकुना और दूसरे हैं गोंजालो मॉन्टिएल। इन दोनों खिलाड़ियों को सस्पेंड येलो कार्ड के चलते किया गया है।
वहीं क्रोएशिया ने मैच से पहले कहा कि हमारा प्लान सिर्फ मेसी को रोकने का नहीं है, बल्कि हम पूरी अर्जेंटीना को रोकना चाहते हैं। अर्जेंटीना का मतलब केवल मेसी नहीं हैं। बल्कि उनके पास कई और अच्छे खिलाड़ी भी हैं। हमें अगर जीतना है तो उन सबको रोकना होगा, तभी जीत मिल सकती है। बता दें कि 2018 फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में फ्रांस के हाथों हारने के बाद क्रोएशियाई टीम का इरादा इस बार अपना दूसरा वर्ल्ड कप फाइनल खेलने का है। लेकिन उनके इस इरादे में फिलहाल मेसी और उनकी टीम बड़ी अड़चन बनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *