उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में इन दिनों ठंड का कहर देखने को मिल रहा है. बेमौसम बारिश, कोहरा और शीतलहर ने ठिठुरन पैदा कर दी है. लोगों को ठंड से बचने के लिए आग का सहारा लेना पड़ रहा है. उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कल (3 जनवरी) और आज बारिश देखने को मिली तो वहीं, आज (गुरुवार) सुबह के वक्त भी हल्की बारिश और कोहरे का दौर जारी है.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज कोहरा छाया हुआ है और सुबह से हल्की बारिश हो रही है. वहीं, लखनऊ में घना कोहरा और क्षेत्र में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है. यूपी में अलग-अलग इलाकों में कोहरा से विजिबिलिटी में भारी कमी आई है. जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है.