पठानकोट के पास मंगलवार को आर्मी का ALH ध्रुव हेलिकॉप्टर रणजीत सागर डैम में क्रैश हो गया है। 254 आर्मी एविएशन का यह हेलीकाप्टर ट्रेनिंग उड़ान पर था और इसके पायलट को कम ऊंचाई पर उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। हादसे के बाद चॉपर के कलपुर्जे खोज लिए गए हैं, लेकिन पायलट और को-पायलट को अब तक खोजा नहीं जा सका है। हालांकि, पहले यह जानकारी मिली थी कि हादसे में दोनों सुरक्षित हैं। NDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आर्मी की एविएशन स्क्वाड्रन के ध्रुव हेलिकॉप्टर ने मामून कैंट से सुबह 10:20 बजे उड़ान भरी थी। रणजीत सागर डैम के ऊपर हेलिकॉप्टर काफी नीचे उड़ान भर रहा था और वह क्रैश हो गया। पिछले 6 महीने में दूसरी बार स्वदेशी ध्रुव हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ है। ध्रुव हेलीकॉप्टर को भारत में ही विकसित किया गया है। इसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के लाइट कॉम्बेट हेलीकॉप्टर (LCH) प्रोजेक्ट के तहत तैयार किया गया है।