जालंधर,(विशाल) सड़क सुरक्षा के संबंध में मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा मास के तहत वीरवार को पंजाब रोडवेज के ड्राइवर, कंडक्टर एवं अन्य स्टाफ सदस्यों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई। पंजाब रोडवेज जालंधर एक डिपो के कार्यालय में यातायात नियमों का पालन करने के फायदे व नियमों का उल्लंघन करने से होने वाले नुकसान के बारे में भी अवगत करवाया गया।पंजाब रोडवेज जालंधर एक के जनरल मैनेजर नवराज बातिश ने बताया कि सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा मास के तहत इससे पहले जालंधर के शहीद ए आजम भगत सिंह इंटरस्टेट बस टर्मिनल पर कैंप लगाकर निजी व सरकारी बसों के ड्राइवरों की आंखों का चेकअप किया गया था। उन्होंने बताया कि 18 जनवरी से लेकर 17 फरवरी तक मनाई जा रहे सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा मास के तहत पंफ्लेट छपवा कर लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है। इस मौके पर ड्यूटी रूम इंचार्ज बलजीत सिंह समेत रोडवेज मुलाजिम उपस्थित थे।