नशा पीडितों को कौशल विकास समागमों में शामिल कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा

जालंधर, (संजय शर्मा)-पंजाब सरकार द्वारा राज्य में पहली बार मरीजों को सुविधा और सटीक जानकारी प्रदान करने और उन्हें उनकी जरूरत के अनुसार डाक्टरों तक पहुंचाने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में मरीज सुविधा केंद्र खोले जा रहे है।

शहीद बाबू लाभ सिंह सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह, जिनके साथ राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल, अशोक मित्तल और लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू भी थे, ने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए यह केंद्र सभी सरकारी अस्पतालों के गेट पर खोले जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में बैठने की उचित प्रबंधो के अलावा मरीजों की जरूरत के अनुसार डाक्टरों के संबंध में सारी जानकारी स्टाफ द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बीमार एवं बुजुर्ग मरीजों को स्टाफ द्वारा मैडीकल रूम तक लेकर जाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मरीजों को सरकारी अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिलने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी संतुष्टि को पहल दी जाए। उन्होंने कहा कि 98 प्रतिशत मरीज आम आदमी क्लीनिक द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं से संतुष्ट है।

नशे से पीड़ित युवाओं को आत्म-निर्भर बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय के बारे में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालने के लिए उन्हें कौशल विकास कोर्स में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास कोर्स उन्हें रोजगार के योग्य बनाएगा, जिससे वे दोबारा नशे की दलदल में नहीं फंस सकेंगे। उन्होंने कहा कि कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद नशा करने वालों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे ताकि वे अन्य लोगों की तरह सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।उन्होंने कहा कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों की नुहार बदलने के लिए तंदुरुस्त मिशन पंजाब शुरू किया गया है और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए फंड जारी किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि सभी जिला,सबडिवीजन एवं कम्युनिटी स्वास्थ्य केंद्रों में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे मशीन एवं दवाओं की उपलब्धता के निर्देश जारी किए गए है।

इस मौके पर आम आदमी पार्टी नेता ओलंपियन सुरिंदर सिंह सोढ़ी, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर मेजर डा. अमित महाजन व अन्य मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *