NEW DELHI : तीन कृषि कानून वापसी के बिल पर आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी अंतिम मुहर लगा दी। इसी के साथ अब कानून औपचािरक रूप से निरस्त हो गए हैं। दोनों सदनों से इसे पहले दिन ही पास करा लिया गया था। इससे पहले पीएम मोदी ने हाल ही में इन कानूनों को वापस लेने का एलान किया था और आंदोलन कर रहे किसानों से वापस अपने-अपने घर जाने की अपील की थी।
सोमवार को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने संबंधी कृषि विधि निरसन विधेयक 2021 लोकसभा में पेश किया था। इसके फौरन बाद कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने विधेयक पर चर्चा कराने की मांग शुरू कर दी थी। उधऱ, राकेश टिकैत समेत कई अन्य किसान नेताओं के आंदोलन को लेकर अलग अलग बयानों के बीच संयुक्त किसान मोर्चा की बुधवार (1 दिसंबर) को दोपहर में आयोजित बैठक टल गई है। संयुक्त किसान मोर्चा ने इसका जानकारी देते हुए कहा है कि पूर्व घोषणा अनुसार हालात के मद्देनजर किसान आंदोलन के आगे के कदमों के बारे में निर्णय लेने के लिए आगामी बैठक 4 दिसंबर को होगी।