कंधार, अफगानिस्तान पर खूनी कब्जे के बाद तालिबान नेता मुल्ला अब्दुल गनी बरादर कतर से अपने संगठन के गढ़ रहे देश के कंधार शहर पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि मुल्ला बरादर कमांडो सुरक्षा घेरे में कतर के सी-17 महाबली विमान से कंधार पहुंचा है जिसे अमेरिका ने बनाया है। हवाई अड्डे पर बरादर का तालिबान आतंकियों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद मुल्ला बरादर का विशाल काफिला शहर से होते हुए रवाना हुआ। तालिबान आतंकियों ने मुल्ला बरादार के काफिले के सुरक्षित गुजरने के लिए रास्ते को बंद कर दिया था।
मुल्ला बरादर के काफिले का वीडियो सोशल मीडिया में शेयर किया जा रहा है। इसमें नजर आ रहा है कि दर्जनों गाड़ियां कंधार हवाई अड्डे से शहर की ओर जा रही हैं। इस दौरान हूटर बज रहे हैं और कई लोग रास्ते मे खड़े होकर मुल्ला बरादर के कंधार में दाखिले को देख रहे हैं। कंधार वही शहर है जिसे तालिबान आंदोलन के जन्मस्थान के रूप में देखा जाता है। माना जा रहा है कि इसी वजह मुल्ला बरादर काबुल न जाकर सबसे पहले कंधार शहर पहुंचा है।