नई दिल्ली, कई भाजपा नेताओं ने शनिवार को दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन का एक वीडियो शेयर किया है, जिन्हें इसी साल मई महीने में कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया था. वीडियो में सत्येंद्र जैन जेल में मसाज करवाते दिख रहे हैं. वीडियो तिहाड़ जेल के अधीक्षक अजीत कुमार को जेल में बंद मंत्री को कथित वीआईपी ट्रीटमेंट मुहैया कराने के आरोप में निलंबित करने के कुछ दिनों बाद सामने आया है. यह कार्रवाई दिल्ली के उपराज्यपाल द्वारा गठित एक जांच समिति की सिफारिश पर की गई थी. जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने जेल नंबर 7 के अधीक्षक पर आरोप लगाया था कि जेल में बंद सत्येंद्र जैन को वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रहा है.आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जैन को रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण फिजियोथेरैपी की सलाह दी गई थी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) उनकी बीमारी का मजाक बना रही है.सिसोदिया ने बताया, कि डॉक्टर ने सत्येंद्र जैन को फिजियोथेरेपी की सलाह दी थी.इससे पहले भी आम आदमी पार्टी ने आरोपों को बेतुका और निराधार बताते हुए खारिज कर दिया था.आज जारी किए गए वीडियो में कथित तौर पर सत्येंद्र जैन को तिहाड़ जेल में अपने सेल में पैर, पीठ और सिर की मालिश कराते हुए देखा जा सकता है. NDTV स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की पुष्टि नहीं कर सकता.