चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में शुक्रवार (25 सितंबर) सुबह चंडीगढ़ पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है. वह चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय की अकाउंट्स ब्रांच में तैनात थे. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह सेक्टर-22 स्थित नितिन के घर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो नितिन बिस्तर पर पड़े मिले. उनके सिर में गोली लगी हुई थी और वह गंभीर हालत में थे. पुलिस उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गई, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.